रानीगंज:- रानीगंज के रोनाई में “एक तो चोरी उस पर सीना जोरी” की कहावत चरितार्थ हो जाती है क्यों कि रानीगंज में बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बुधवार को रानीगंज के रोनाई में बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने के बाद जब बिजली काटने गए तो उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। यह हमला रोनाई के अल्पसंख्यक समुदाय के दो लोगों के नेतृत्व में किया गया है। हमले में बिजली विभाग के चार अधिकारियों को चोट लगी है जिसमें दो की चोट गंभीर है। घटना की शिकायत रानीगंज थाना में दर्ज करवाई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बहुत जल्द हमलावरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
हमले में घायल हुए रानीगंज बिजली दफ्तर के सेकेंड इंचार्ज दिपांकर चौधरी और हीरक ब्रह्मचारी ने बताया कि रोनाई के उत्तर-पूर्व पाड़ा निवासी सिंदाबाद खान के आवास का बिजली बिल बीते करीब 6 माह से बकाया था। कई बार उसे नोटिस दिए जाने के बावजूद वह बिल भुगतान नहीं कर रहा था। बिजली बिल की राशि जब 21 हजार रुपए तक पहुंच गई तो वरीय अधिकारियों के निर्देश पर वे लोग एक टीम बनाकर सिंदाबाद खान के घर पहुंचे। वहां एक महिला ने पहले उन लोगों को आधे घंटे तक इंतजार कराया। फिर बिल भुगतान कर देने की बात कही।
काफी देर होने के बाद भी जब बकाया बिजली बिल के तौर पर 21 हजार रुपए का भुगतान नहीं किया गया तो वरीय अधिकारियों के निर्देश पर उसके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया और वे लोग लौटने लगे। इसके कुछ ही देर में सिंदाबाद खान अपनी बाइक पर जावेद शेख को बैठाकर उन लोगों के पास पहुंचा और बिना कुछ कहे उन लोगों पर बांस से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उन लोगों के सिर, हाथ-पैर में काफी चोटे आई हैं। वे लोग किसी तरह से वहां से निकलकर रानीगंज थाना पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में सभी घायलों का इलाज कराया गया। रानीगंज थाना में दोनों आरोपितों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करवाई गई है और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।