रानीगंज में तृणमूल कांग्रेस का विजया सम्मेलन, 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

सत्यनारायण सिंह: रानीगंज:- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशानुसार दुर्गापूजा के बाद हर वर्ष की तरह इस बार भी तृणमूल कांग्रेस की ओर से पूरे राज्य में विजया सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज  को रानीगंज विधानसभा के तृणमूल कांग्रेस रानीगंज ब्लॉक की ओर से एन.एस.बी रोड स्थित एक निजी हॉल में भव्य विजया सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल अध्यक्ष एवं पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्र चक्रवर्ती, जामुड़िया विधायक हरेराम सिंह, जिला महिला नेत्री असीमा चक्रवर्ती, जिला परिषद सभाधिपति विश्वनाथ बाउड़ी, रानीगंज विधायक तापस चक्रवर्ती, जिला युवा अध्यक्ष पार्थ देवासी, एमएमआईसी दिव्येंदु भगत, रानीगंज बोरो चेयरमैन मुज्जमिल साहज़ादा, जिला सहसचिव रुपेश यादव, रानीगंज शहर तृणमूल अध्यक्ष रंजीत सिंह, उपाध्यक्ष बापी चक्रवर्ती, महिला अध्यक्ष नेहा साव, युवा अध्यक्ष शुभो भट्टाचार्य समेत पार्टी के पार्षद, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी अतिथियों का उत्तरीय ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया। नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि 2026 का विधानसभा चुनाव पश्चिम बंगाल के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य में कुछ सांप्रदायिक शक्तियां सत्ता में आने का प्रयास कर रही हैं, जो बंगाल की गंगा-जमनी तहज़ीब के लिए खतरा हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सभी समुदायों को साथ लेकर राज्य में सौ से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिला है। अगर जनता ने गलती की, तो यह सब खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2026 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ कार्य करें ताकि रानीगंज सहित पूरे जिले में तृणमूल कांग्रेस को भारी जीत मिल सके। मौके पर अन्य वक्ताओं ने भी विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अगर ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के हाथों को मजबूत करना है, तो संगठन को और सशक्त बनाकर एकजुट होकर चुनाव में उतरना होगा, ताकि सांप्रदायिक ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *